इवा ओलिड मैनचेस्टर यूनाइटेड महिला टीम की नई मुख्य कोच नियुक्त
मैनचेस्टर यूनाइटेड महिला टीम ने इवा ओलिड को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। उन्हें दो साल के शुरुआती अनुबंध पर टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें एक साल और बढ़ाने का विकल्प भी शामिल है।
यह बदलाव मार्क स्किनर के आपसी सहमति से क्लब छोड़ने के बाद हुआ है, जो इस सप्ताह की शुरुआत में पांच साल तक पद पर रहने के बाद अलग हो गए थे।
ओलिड वीमेंस सुपर लीग (WSL) क्लब में शामिल होने से पहले हार्ट ऑफ मिडलोथियन के साथ जुड़ी थीं। मई में उन्होंने टीम को स्कॉटिश वीमेंस प्रीमियर लीग का ऐतिहासिक पहला खिताब दिलाया था, जो उनके कोचिंग करियर की एक बड़ी उपलब्धि रही।
अपनी नई भूमिका को लेकर उत्साह जाहिर करते हुए स्पेनिश कोच ने कहा, “मैनचेस्टर यूनाइटेड महिला टीम का मुख्य कोच बनना एक सपना सच होने जैसा है। क्लब के पास बेहतरीन बुनियादी ढांचा है और हमारी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जरूरी हर चीज मौजूद है। हमारे पास उत्कृष्ट प्रशिक्षण सुविधाएं, एक मजबूत अकादमी जो प्रतिस्पर्धी टीम के लिए खिलाड़ी तैयार कर रही है और सपोर्ट स्टाफ का एक असाधारण समूह है।”
खिलाड़ियों के विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने आगे कहा, “हमारी टीम में पहले से ही काफी प्रतिभा है और मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं ताकि वे अपनी क्षमता का भरपूर इस्तेमाल कर सकें। मैं मैनचेस्टर यूनाइटेड से एक बहुत ही रोमांचक समय में जुड़ रही हूं। दीर्घकालिक सफलता के लिए हमारी दृष्टि में स्पष्ट तालमेल है। मैं ऐसी टीम तैयार करने के लिए उत्सुक हूं जो हमारे समर्थकों को गौरवान्वित करे।”
मैनचेस्टर यूनाइटेड ने ओलिड के आगमन को एक “रोमांचक नए युग की शुरुआत” बताया है, जो क्लब की दीर्घकालिक और स्थायी विकास की स्पष्ट सोच के अनुरूप है।
स्किनर के कार्यकाल के दौरान ‘रेड डेविल्स’ ने पिछले सीजन में WSL में चौथा स्थान हासिल किया और चैंपियंस लीग के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। क्लब ने इन उपलब्धियों को महत्वपूर्ण आधार माना है।
मैनचेस्टर यूनाइटेड में महिला फुटबॉल के निदेशक मैट जॉनसन ने ओलिड की तारीफ करते हुए कहा, “इवा एक उत्कृष्ट कोच हैं और उनमें सफलता पाने का अद्भुत संकल्प है। हार्ट ऑफ मिडलोथियन में उनकी उपलब्धियों ने यह साबित किया कि वह व्यक्तिगत खिलाड़ियों की क्षमता को अधिकतम करने और फुटबॉल की एक रोमांचक शैली को लागू करने में सक्षम हैं। हम खुश हैं कि वह अब मैनचेस्टर यूनाइटेड में इन गुणों को लाएंगी। इवा हमें एक रोमांचक नए युग में ले जाने के लिए बिल्कुल सही कोच हैं।”
जॉनसन ने आगे कहा कि ओलिड का नजरिया क्लब की दीर्घकालिक रणनीति के अनुरूप है। उन्होंने कहा, “वह घरेलू और युवा खिलाड़ियों को विकसित करने की हमारी प्रतिबद्धता को साझा करती हैं, जो हमारे क्लब के इतिहास और संस्कृति का एक गहरा हिस्सा है। साथ ही वह सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के खेल को बेहतर बनाने पर भी ध्यान देंगी, जो हमारी दीर्घकालिक सफलता के लिए अभिन्न है।”
ओलिड के कोच के तौर पर पहला प्रतिस्पर्धी मैच 4 सितंबर को लंदन सिटी लायनेस के खिलाफ WSL सीजन का ओपनर होगा।
