लियोनेल मेसी ने इंटर मियामी के लिए फिर दिखाया जलवा, करियर में पूरे किए 1365 गोल योगदान
लियोनेल मेसी ने एक बार फिर शानदार खेल दिखाते हुए इंटर मियामी को न्यू इंग्लैंड रिवोल्यूशन के खिलाफ जीत दिलाई। बीते कल खेले गए मैच में मेसी ने न केवल खुद गोल किया, बल्कि जर्मन बर्टेरम के गोल में भी अपनी भूमिका निभाई और टीम की जीत सुनिश्चित की।
मेसी के इन दो गोल योगदानों ने उनके फुटबॉल करियर के आंकड़ों को और भी प्रभावशाली बना दिया है। ‘वनफुटबॉल’ ने मेसी के करियर की शुरुआत से अब तक के गोल और असिस्ट का लेखा-जोखा तैयार किया है।
आंकड़ों के अनुसार, मेसी ने अपने अब तक के आधिकारिक करियर में कुल 1184 मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 937 गोल किए हैं और 428 गोल में असिस्ट किया है। इस प्रकार, उन्होंने कुल 1184 मैचों में 1365 गोल योगदान दिए हैं। फुटबॉल की दुनिया में मेसी के ये आंकड़े बेहद शानदार माने जा रहे हैं।