फुटबॉलर पर लगा 8 साल का बैन, सहायक रेफरी पर पत्थर फेंकने के मामले में बड़ी कार्रवाई
इक्वाडोर के एक फुटबॉलर को सहायक रेफरी पर पत्थर फेंकने के आरोप में आठ साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस घटना में रेफरी के चेहरे पर गंभीर चोट आई थी, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी।
यह घटना अक्टूबर में तीसरे स्तर के एक मैच के दौरान हुई, जिसमें क्लब स्यूदाद डी यांटजाजा और क्लब रियो अगुआरिको एफसी की टीमें आमने-सामने थीं। मैच के 96वें मिनट में खिलाड़ी जॉन पेर्लाज़ा ने सहायक रेफरी लेनिन जियोवानी ओजेडा नुनेज़ के चेहरे पर पत्थर मारा, जिसके बाद मैच को रद्द कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में पेर्लाज़ा को टीम डगआउट से पत्थर फेंकते हुए देखा जा सकता है। पत्थर लगते ही नुनेज़ तुरंत जमीन पर गिर गए और अपने चेहरे को पकड़ लिया, जिसके बाद उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई।
इक्वाडोरियन फुटबॉल फेडरेशन (FEF) ने कहा, “सहायक रेफरी को गंभीर चोटें आईं, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी और ठीक होने में 60 दिन का समय लगा।” अनुशासन समिति ने खिलाड़ी को मैच अधिकारी पर शारीरिक हमले का दोषी पाया और उन्हें 19 अक्टूबर 2034 तक सभी फुटबॉल गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया। इसके अलावा, FEF फीफा से इस प्रतिबंध को दुनिया भर में लागू करने की मांग करेगा।
फेडरेशन ने यांटजाजा क्लब पर 2,000 डॉलर का जुर्माना भी लगाया है और उन्हें नुनेज़ के इलाज का 4,369 डॉलर का खर्च उठाने का निर्देश दिया है।
मैच के तीन दिन बाद 20 अक्टूबर को जारी एक बयान में यांटजाजा क्लब ने रेफरी टीम और प्रशंसकों से माफी मांगी। क्लब ने पुष्टि की कि इस घटना के बाद उन्होंने पेर्लाज़ा को टीम से निकाल दिया है। क्लब ने कहा, “एक संस्था के रूप में, हम खेल के मैदान के अंदर और बाहर किसी भी तरह की मौखिक या शारीरिक हिंसा का कड़ा विरोध करते हैं। हम मानते हैं कि फुटबॉल सम्मान, सह-अस्तित्व और निष्पक्ष खेल का स्थान होना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि घटना के जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान होने के बाद उसे तुरंत क्लब से बाहर करने का निर्णय लिया गया।