अयाक्स के सलाहकार पद से लुई वान गाल ने दिया इस्तीफा
डच क्लब अयाक्स (Ajax) ने पुष्टि की है कि दिग्गज फुटबॉल मैनेजर लुई वान गाल ने क्लब के सुपरवाइजरी बोर्ड के सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया है।
मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व मैनेजर वर्ष 2023 से इस डच क्लब के लिए सलाहकार की भूमिका निभा रहे थे।
अपने इस्तीफे पर बात करते हुए लुई वान गाल ने कहा, ”माइकल वैन प्राग मेरे मित्र हैं और हमने अतीत में अयाक्स के लिए साथ काम किया है। 2023 में जब वे सुपरवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन थे, तब उन्होंने मुझसे संपर्क किया और मुझे उनकी तथा अयाक्स की मदद करने में खुशी हुई। उस समय कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव हो रहे थे और फुटबॉल के जानकारों की कमी थी। एक बाहरी सलाहकार के रूप में, मैंने एलेक्स क्रोस और मरिज्जन ब्यूकर जैसी महत्वपूर्ण नियुक्तियों में अपनी भूमिका निभाई। उस अवधि के दौरान क्लब में फुटबॉल संबंधी समझ को भी बढ़ाया गया। हालांकि, अब माइकल 2025 में अपना पद छोड़ चुके हैं, एलेक्स जा चुके हैं और मरिज्जन भी क्लब से अलग हो गए हैं। मेरे लिए अब इस सलाहकार पद से हटने का सही समय है।”
