सीरियस फुटबॉल क्लब ने पहली बार जीता ऑलस्वेनस्कन लीग का खिताब
स्वीडिश क्लब सीरियस ने अपने देश की शीर्ष फुटबॉल लीग ‘ऑलस्वेनस्कन’ (Allsvenskan) में पहली बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। लीग के आखिरी दिन रोमांचक मुकाबले में सीरियस ने हैमरबी को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
सीजन के आखिरी दिन तक दोनों टीमें अंक तालिका में बराबरी पर थीं। हैमरबी को वास्टेरास के खिलाफ 1-0 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि सीरियस के स्ट्राइकर ज़लान वैंकसा ने 87वें मिनट में आईएफके गोथेनबर्ग के खिलाफ विजयी गोल दागकर टीम की जीत पक्की कर दी।
इस सदी में ऑलस्वेनस्कन लीग जीतने वाली सीरियस 13वीं अलग टीम है। इससे पहले 2025 में म्याल्बी ने भी अपना पहला खिताब जीता था। इसकी तुलना में अगर इंग्लिश प्रीमियर लीग को देखें, तो वहां इस समय अवधि में केवल छह अलग-अलग विजेता ही देखने को मिले हैं।
उप्साला शहर का क्लब सीरियस 42 वर्षों तक स्वीडन के निचले डिवीजनों में रहने के बाद पिछले 10 वर्षों से शीर्ष लीग में खेल रहा है। टीम के कोच 42 वर्षीय एंड्रियास एंगेलमार्क ने अक्टूबर में BBC’s Euro Leagues podcast को बताया था कि कैसे टीम खिताब की दावेदार बनी।
एंगेलमार्क ने कहा, “हम काफी समय से प्रथम श्रेणी में हैं, लेकिन आमतौर पर हम नौवें, दसवें या उससे निचले स्थान पर रहते हैं। लेकिन इस सीजन की शुरुआत में हमने युवा खिलाड़ियों की कोर टीम को साथ बनाए रखा, जिससे हम काफी तैयार महसूस कर रहे थे।”
उन्होंने आगे कहा, “मैंने खिलाड़ियों की मानसिकता बदलने पर कड़ी मेहनत की है कि वे बड़ी टीमों का सामना कैसे करें। पिच पर कौशल और खिलाड़ियों के बीच तालमेल महत्वपूर्ण है, लेकिन मुझे लगता है कि यह मानसिकता सबसे बड़ी चीज है।”
सीजन के अंतिम तनावपूर्ण मैचों के दृष्टिकोण पर एंगेलमार्क ने कहा, “हम हर मैच जीतने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। हालांकि कुछ टीमों के पास बेहतर स्क्वाड या अनुभव हो सकता है, लेकिन स्वीडिश लीग में टीमों के बीच का अंतर इंग्लिश लीग के मुकाबले उतना बड़ा नहीं है, इसलिए हम जानते हैं कि हम सक्षम हैं।”
सीजन के आधे दौर तक सीरियस अंक तालिका में 14 अंकों की बढ़त के साथ शीर्ष पर थी, लेकिन अगस्त में उनके शीर्ष स्कोरर स्कॉटलैंड के रॉबी उरे के सेविला बिकने के बाद टीम का प्रदर्शन लड़खड़ा गया था। हालांकि, हैमरबी ने तीन मैच शेष रहते बढ़त बना ली थी, लेकिन सीरियस ने संयम बनाए रखा और आखिरी दिन जीत हासिल कर स्टॉकहोम स्थित क्लब को दूसरे खिताब से वंचित कर दिया।