फुटबॉल के दिग्गज पेले की विश्व कप फाइनल जर्सी 4.9 मिलियन डॉलर में नीलाम
ब्राजील के फुटबॉल दिग्गज पेले द्वारा पहले विश्व कप फाइनल में पहनी गई जर्सी गुरुवार को अमेरिका में एक नीलामी के दौरान 4.9 मिलियन डॉलर में बिकी।
‘द किंग’ के नाम से मशहूर ब्राजीलियाई अटैकर पेले ने 1958 में स्वीडन में खेले गए विश्व कप के फाइनल में दो गोल किए थे। उस मैच में ब्राजील ने मेजबान देश स्वीडन को 5-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया था, उस समय पेले की उम्र महज 17 वर्ष थी।
न्यूयॉर्क के सोथबी (Sotheby’s) में हुई इस नीलामी में एक अज्ञात खरीदार ने चार अन्य बोलीदाताओं को पछाड़कर यह नीली जर्सी हासिल की। यह जर्सी नीलामी में बिकने वाली अब तक की दूसरी सबसे महंगी जर्सी बन गई है।
नीलामी में सबसे महंगी जर्सी का रिकॉर्ड अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी डिएगो माराडोना के नाम है। माराडोना की वह जर्सी 9.3 मिलियन डॉलर में बिकी थी, जिसे उन्होंने 1986 के मैक्सिको विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान पहना था।
अर्जेंटीना ने वह मैच 2-1 से जीता था। उस मैच में माराडोना ने दो गोल किए थे, जिसमें उनका विवादित ‘हैंड ऑफ गॉड’ गोल भी शामिल था, जब उन्होंने अवैध तरीके से हाथ से गेंद को नेट में मारा था।
